अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ : सुकमा पुलिस ने 25 किलो गांजे के साथ 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement


सुकमा। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आगाज’ के तहत पुलिस ने तस्करी के इस नेटवर्क की कई अहम कड़ियों का खुलासा किया है। कार्रवाई में 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद करने के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 14 लाख 62 हजार 500 रुपए का मशरूका जब्त किया है।नक्शे देखें
चेकपोस्ट के पास पकड़े गए गांजा लेकर पहुंचे वाहक
पुलिस के मुताबिक, चेकपोस्ट के पास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई। इस दौरान दोपहिया वाहनों से पहुंचे दो संदिग्धों को पकड़ा गया। उनके ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 12 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। शुरुआत में यह कार्रवाई गांजा तस्करी के दो वाहकों की गिरफ्तारी तक सीमित दिखाई दे रही थी, लेकिन एसपी मयंक गुर्जर ने मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, तकनीकी साक्ष्यों, लोकेशन और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर तस्करी के बड़े नेटवर्क की पड़ताल शुरू की।
यात्री बनकर बस और ट्रेन से पहुंचाते थे गांजा
जांच में सामने आया कि ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से दोपहिया वाहनों के जरिए गांजा सुकमा तक लाया जाता था। इसके बाद तस्करी से जुड़े लोग सामान्य यात्री बनकर ट्रॉली बैग, सूटकेस और दूसरे बैगों में गांजा छिपाकर बसों और ट्रेनों से अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, इस तरीके का इस्तेमाल इसलिए किया जाता था, ताकि तस्करों की पहचान छिपी रहे और पुलिस की नजर से बचकर मादक पदार्थों की खेप गंतव्य तक पहुंचाई जा सके। नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

Share This Article