मुंगेली : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के मार्गदर्शन में जरहागांव मंडल कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ग्राम ठकुरी कापा में मंडल स्तरीय वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के अंतर्गत जनचौपाल का आयोजन किया गया।
जनचौपाल में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा तथा मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

जिला उपाध्यक्ष संजय यादव रहे कार्यक्रम प्रभारी
जनचौपाल में जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी संजय यादव की विशेष भूमिका रही। उन्होंने अभियान के उद्देश्य को ग्रामीणों तक पहुंचाने और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने तथा मतदान से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कांग्रेसजनों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक का मत महत्वपूर्ण है और मताधिकार की सुरक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक रहना आवश्यक है।

वोट सबसे बड़ी ताकत : संजय यादव
सभा को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता सूची से किसी पात्र मतदाता का नाम काटा जाता है या वोट देने के अधिकार के साथ छेड़छाड़ होती है तो यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। कांग्रेस हर मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं : संजय बनर्जी
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजय बनर्जी ने कहा कि वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़े हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि मतदान से जुड़ी कोई गड़बड़ी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सूचित करें।

गांव-गांव और घर-घर तक अभियान पहुंचाने का संकल्प
जनचौपाल के दौरान वक्ताओं ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं से इसे गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष तारिणी विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष टेक लाल निर्मलकर, उमेश घृतलहरे, सतीश यादव, मकरा लाल यादव, मोनू भास्कर, राजेंद्र यादव, जोहन पटेल, कन्हैया यादव, नवीन कश्यप, आकाश कुर्रे, अंकित मसीह, रामनाथ ध्रुव, राजेंद्र कश्यप, गोरेलाल, विष्णु खूंटे, मनहरण यादव, कन्हैया लाल, सुभाष कुमार यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

जनचौपाल के समापन अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। ग्राम स्तर पर संवाद और जनसंपर्क के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।




