बिलासपुर। जूना बिलासपुर के शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय के बगल में स्थित सार्वजनिक शौचालय की बदहाल व्यवस्था लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे यहां आने वाले नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। महिला एवं पुरुष दोनों शौचालयों में गंदगी पसरी हुई है।

कई दिनों से वाटर कूलर बंद पड़ा है, जबकि शौचालय की छत क्षतिग्रस्त हो चुकी है। और पाइप लाइन में लीकेज के कारण फर्श हमेशा गीला रहता है। इससे फिसलकर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शौचालय की नियमित सफाई नहीं की जाती और पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। वहीं, पानी की टंकी की वर्षों से सफाई नहीं होने से संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में शौचालय का उपयोग करने वाले लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सार्वजनिक शौचालय की तत्काल सफाई, आवश्यक मरम्मत और नियमित रखरखाव की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शहर के प्रमुख क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालय की यह स्थिति है, तो अन्य सामुदायिक शौचालयों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस संबंध में नगर निगम के जोन कमिश्नर से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में शौचालय की बदहाल व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी तय करने का सवाल भी खड़ा हो गया है।

