कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर नक्सलियों का बड़ा डंप तबाह, सुरक्षा बलों ने बरामद की राइफलें और भारी मात्रा में सामग्री

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

कांकेर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर स्थित ग्राम आलपरस-गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से हथियारों सहित भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है।

बीएसएफ और बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सल डंप से सामग्री बरामद की गई। इसमें 303 राइफल 02 नग, 303 राइफल राउंड 32 नग, लैपटॉप 01 नग, टैबलेट 01 नग, वायरलेस बैटरी 03 नग, रेडियो 01 नग, नक्सल वर्दी 02 नग, पोच 05 नग, चार्जर 02 नग, बैटरी 01 नग, नक्सल साहित्य एवं अन्य नक्सल सामग्री आदि शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बद्री नारायण मीणा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज के निर्देशन में दीपक तिवारी डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर, निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं नरेंद्र शर्मा 2आईसी प्रभारी सेनानी 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम ने अतिरिक्त सतर्कता के साथ संयुक्त सर्चिंग की और ग्राम आलपरस-गुमचुर के मध्य जंगल क्षेत्र से यह डंप बरामद किया।
संयुक्त सुरक्षा बल के इन जांबाज अधिकारियों के नेतृत्व में मिली सफलता
इस अभियान का नेतृत्व अंकुश कुमार एसी बीएसएफ 40वीं वाहिनी, निर्मल जांगड़े निरीक्षक थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा, अनुज कुमार इंस्पेक्टर बीएसएफ 40वीं वाहिनी, नवीन प्रकाश उप निरीक्षक बीएसएफ 40वीं वाहिनी, सौरभ यादव उप निरीक्षक बीएसएफ 40वीं वाहिनी, नरेंद्र नेताम सहायक उप निरीक्षक डीआरजी टीम कमांडर आदि मौजूद थे।

Share This Article