समाज कल्याण विभाग की पहल से देवांगन समाज के बुजुर्गों को मिली सहारा छड़ी, समाज ने जिला प्रशासन का जताया आभार

Jagdish Dewangan
4 Min Read

मुंगेली—- समाज के बुजुर्गों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा देवांगन समाज के वरिष्ठजनों को सहारा छड़ी प्रदान की गई। विभाग की इस संवेदनशील पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली तथा समाज के लोगों ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार देवांगन समाज के लोगों द्वारा समाज कल्याण विभाग में आवेदन प्रस्तुत कर समाज के ऐसे बुजुर्गों की समस्याओं से अवगत कराया गया था, जिन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज भी विभाग को उपलब्ध कराए गए थे। समाज के लोगों ने बुजुर्गों की शारीरिक स्थिति को देखते हुए सहारा छड़ी उपलब्ध कराने की मांग की थी, ताकि उन्हें दैनिक जीवन में राहत मिल सके। समाज कल्याण विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और पात्र बुजुर्गों को छड़ी उपलब्ध कराई। इसके साथ ही विभाग द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। विभाग की तत्परता से समाज के लोगों में संतोष और खुशी का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर देवांगन समाज के अध्यक्ष आनंद देवांगन अधिवक्ता ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया यह कार्य बेहद सराहनीय और मानवीय पहल है। उन्होंने बताया कि समाज के कई बुजुर्ग लंबे समय से चलने-फिरने में परेशानी झेल रहे थे। उम्र अधिक होने और शारीरिक कमजोरी के कारण उन्हें घर से बाहर निकलने में भी दिक्कत होती थी। कई बुजुर्ग बिना सहारे चल नहीं पाते थे, जिससे उनका आत्मविश्वास भी प्रभावित हो रहा था। ऐसे समय में विभाग द्वारा छड़ी प्रदान किए जाने से बुजुर्गों में नया उत्साह और आत्मबल देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशील सोच और त्वरित पहल से बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। छड़ी मिलने के बाद बुजुर्ग अब पहले की तुलना में अधिक सहजता से चल-फिर पा रहे हैं। इससे उनमें आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं तभी सार्थक होती हैं जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, और समाज कल्याण विभाग ने इस दिशा में बेहतर कार्य किया है। समाज के वरिष्ठजनों ने भी विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शासन द्वारा बुजुर्गों के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायी हैं। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी सुविधाएं भी बुजुर्गों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती हैं। छड़ी मिलने से उन्हें अब चलने में सहूलियत मिल रही है और गिरने की आशंका भी कम हुई है। देवांगन समाज के लोगों ने जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रशासन लगातार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए कार्य कर रहा है। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता रहेगा।
इस संबंध में सोशल मीडिया प्रचारक जगदीश देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज के बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने जिस तत्परता से कार्य किया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इससे समाज के लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन