पखांजूर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर के माझीकुटनी गांव के एक किसान के खेत में खलिहान में रखी मक्के की फसल में अचानक आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि किसान ने बैंक से कर्ज लेकर इस सीजन में मक्के की खेती की थी। करीब छह महीने की कड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ फसल तैयार हुई थी, जिसे खेत में ही सुरक्षित रखा गया था, लेकिन अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
किसान की उम्मीदें हुईं जलकर राख
मिली जानकारी के अनुसार, किसान ने इस बार मक्के के चार पैकेट बीज लगाए थे और अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, ताकि बैंक का कर्ज चुकाने के साथ परिवार का खर्च भी चल सके। लेकिन आग की इस घटना ने उसकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
लोन लेकर की थी खेती
पीड़ित किसान ने बताया कि, बैंक से लोन लेकर मक्का की खेती की थी। छह महीने की मेहनत के बाद फसल तैयार हुई और खलिहान में रखी गई थी, लेकिन अचानक आग लगने से पूरा मक्का जलकर नष्ट हो गया।
खेत में रखा मक्का
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना में खेत में रखा पूरा मक्का जल गया, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
कर्ज में डूबा किसान
कर्ज के सहारे खेती करने वाले इस किसान के लिए यह नुकसान किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। अब पीड़ित किसान प्रशासन से मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है।
खेत के खलिहान में लगी आग :
किसान की लाखों की मक्के की फसल जलकर राख, मुआवजे की गुहार
Editor In Chief

