नारायणपुर। कांकेर और नारायणपुर की सीमा पर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान IED विस्फोट में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के चार जवान शहीद हो गए। इस हादसे के बाद रविवार को नारायणपुर पुलिस लाइन में शहीदों को पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।
पुलिस लाइन में दी गई अंतिम विदाई
नारायणपुर पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि में पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अफसरों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे माहौल में गम और गर्व दोनों का भाव साफ झलक रहा था। अंतिम सलामी के बाद तीन शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
डिमाइनिंग के दौरान हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, 2 मई को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में DRG टीम एरिया डॉमिनेशन, सर्चिंग और डिमाइनिंग ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान पहले से नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED को निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही थी। तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में टीम के जवान आ गए।
चार जवान शहीद
इस हादसे में DRG के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और संजय गढ़पाले मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल मिलाकर चार जवानों की शहादत ने पूरे बस्तर को शोक में डुबो दिया है।
बस्तर में अब भी बड़ा खतरा
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर सैकड़ों IED बरामद कर निष्क्रिय किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जंगलों में छिपे विस्फोटक अब भी सुरक्षाबलों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।
गन पाउडर धमाका में 4 जवान शहीदः नारायणपुर पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
Editor In Chief

