मुंगेली/शहर के निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए एक बेहद सुखद और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। शहर की जीवनदायिनी ‘आगर नदी’ को सीवेज के प्रदूषित पानी से बचाने की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के निरंतर प्रयासों और दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते,भारत सरकार नई दिल्ली के द्वारा लागू स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत राज्य शासन ने मुंगेली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 7.74 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

आगर नदी को बचाने के लिए संकल्पित है नपा अध्यक्ष
निर्वाचित होने के बाद से ही नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने लंबे समय से आगर नदी के संरक्षण को अपनी प्राथमिकता सूची में रखा है उनका मानना है कि मुंगेली की पहचान इस नदी से जुड़ी है और बढ़ते शहरीकरण के कारण नदी में गिर रहा गंदा पानी इसे लगातार प्रदूषित कर रहा है। अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया और लगातार शासन स्तर पर इसके लिए पैरवी की। अंततःउनके प्रयासों का ही परिणाम है कि ‘स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0’ के तहत मुंगेली को यह बड़ी सौगात मिली है।वही नगर को मिले इस सौगात के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू,उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव एवं नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले का आभार व्यक्त किया है
क्या है परियोजना और इसका महत्व?
राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा 11 नवंबर 2025 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के नालों के पानी को आगर नदी में मिलने से रोकना है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण से पानी का शोधन (Treatment) किया जाएगा जिससे न केवल नदी का पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) सुरक्षित होगा,बल्कि शहर का भू-जल स्तर और स्वच्छता का वातावरण भी बेहतर होगा।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं और शर्तें
समयबद्ध कार्य:परियोजना के तहत न केवल प्लांट का निर्माण होगा, बल्कि इसके अगले 5 वर्षों तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
पारदर्शिता और जवाबदेही:नगर पालिका परिषद मुंगेली को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है। अध्यक्ष रोहित शुक्ला की निगरानी में कार्य होगा जहाँ हर महीने प्रगति रिपोर्ट और उपयोगिता प्रमाण पत्र राज्य नोडल एजेंसी को सौंपना अनिवार्य होगा।
तकनीकी मानक:निर्माण कार्य को पूरी तरह से यांत्रिकी प्रकोष्ठ,संचालनालय,नगरीय प्रशासन एवं विकास के मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाएगा।
नगर पालिका के अधिकारी ने दी जानकारी
इस परीयोजना को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य को लेकर निविदा की पक्रिया पूरी कर ली गई है जिसके तहत आने वाले दिनों में इस कार्य का शुभारंभ किया जाएगा जिससे कि नगर की जीवनदायिनी आगर नदी के संरक्षण को लेकर एक बड़ी पहल साबित होगी
शहर के लिए बड़ा बदलाव
एसटीपी के बनने से मुंगेली की सफाई व्यवस्था में एक क्रांतिकारी बदलाव आएगा। आगर नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए यह परियोजना एक वरदान साबित होगी। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के इस कदम की सराहना करते हुए शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने इसे मुंगेली के विकास की दिशा में एक ‘मील का पत्थर’ करार दिया है।
आने वाले समय में जब यह परियोजना धरातल पर उतरेगी तो मुंगेली न केवल ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के लक्ष्यों को प्राप्त करेगा बल्कि अपनी जीवनदायिनी आगर नदी को स्वच्छ और निर्मल रखने की अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभाएगा।


