कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में लोरमी के अंशुल शर्मा ने किया टॉप                 99 प्रतिशत प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में प्रथम स्थान, जिले का नाम किया रोशन

Jagdish Dewangan
4 Min Read

मुंगेली—- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में मुंगेली जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस वर्ष का परिणाम जिले के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है, जहां विद्यार्थियों ने न केवल उच्च अंक प्राप्त किए बल्कि राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में लोरमी निवासी मेधावी छात्र अंशुल शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अंशुल एक निजी विद्यालय के छात्र हैं और उनकी इस उपलब्धि ने जिले को गौरवान्वित कर दिया है। उनकी सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा परिवार का सहयोग प्रमुख रूप से रहा है। अंशुल की इस उपलब्धि से लोरमी सहित पूरे मुंगेली जिले में खुशी और उत्साह का माहौल व्याप्त है।
इसी कड़ी में मुंगेली की प्रतिभाशाली छात्रा नंदिता देवांगन ने 98.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकरभाठा की छात्रा हेमा ने 97.83 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन विद्यार्थियों की सफलता से यह स्पष्ट होता है कि जिले में शैक्षणिक स्तर निरंतर मजबूत हो रहा है और विद्यार्थी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी मुंगेली जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। लोरमी के छात्र चैतराम साहू ने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। उनके इस प्रदर्शन से यह साबित होता है कि जिले के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय स्थित पंचम तल के सभागार से परीक्षा परिणाम जारी करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और समर्पण ही उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है और यह परिणाम पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर देवांगन समाज के अध्यक्ष आनंद देवांगन (अधिवक्ता) ने विशेष रूप से नंदिता देवांगन की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि नंदिता ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले के साथ-साथ समाज का भी नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं आने वाले समय में देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से उनके परिवारों में हर्ष का माहौल है। जगह-जगह मिठाइयां बांटी जा रही हैं और विद्यार्थियों का सम्मान किया जा रहा है। यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है बल्कि जिले की शिक्षा व्यवस्था की मजबूती को भी दर्शाता है। इस दौरान समाज की ओर से प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश देवांगन, सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन, सह सचिव जगदीश देवांगन सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन