मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर स्थानीय रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने अपने एक साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों,निर्माणाधीन परियोजनाओं और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की। साथ ही पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए उन्होंने नगर के विकास और आम जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने बताया कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष में नगर में सड़क,नाली,चौक सौंदर्यीकरण,मुक्तिधाम उन्नयन,स्ट्रीट लाइट,गार्डन निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर की गरिमा के अनुरूप विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले का जताया आभार
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव तथा नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले का आभार व्यक्त करते हुए कहाकि उनके सहयोग से नगर पालिका परिषद को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि स्वीकृत हुई है। इसी के परिणामस्वरूप एक वर्ष में मुंगेली नगर को कई महत्वपूर्ण सौगातें और उपलब्धियां मिली हैं।
नगर की जनता का जताया आभार
रोहित शुक्ला ने नगर की जनता का भी आभार व्यक्त करते हुए कहाकि एक सामान्य नागरिक को नगर की जनता ने अपना प्रेम,सहयोग और आशीर्वाद देकर नगर का प्रथम नागरिक बनने का अवसर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर का विकास सभी की अपेक्षाओं और गरिमा के अनुरूप किया जाएगा वही नगर के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी
एक साल में हुए प्रमुख विकास कार्य
वर्ष 2023–24 में 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 144.46 लाख रुपये की लागत से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण और ट्यूबलर पोल लगाने के कार्य किए गए,जिनमें मेन रोड से शक्ति धर्मकांटा रोड,पंडरिया रोड से आत्मानंद स्कूल रोड,बस स्टैंड से बिजली ऑफिस रोड सहित कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इन सभी कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है।
इसके अलावा वर्ष 2023–24 में अधोसंरचना मद के अंतर्गत 69 कार्यों के लिए 859.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 60 कार्य 395.07 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके हैं,जबकि कुछ कार्य प्रगतिरत हैं तथा नगर के विभिन्न चौकों के सौंदर्यीकरण सहित कुछ कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।
वर्ष 2024–25 में विकास को मिली और गति
वर्ष 2024–25 में अधोसंरचना विकास के लिए 1388.32 लाख रुपये की स्वीकृति मिली,जिसमें से 26 कार्य 299.64 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं खर्रीपारा रोड,विभिन्न वार्डों में साइन बोर्ड,पड़ाव चौक में मूर्ति स्थापना,गौरवपथ निर्माण,पांच स्थानों पर स्वागत द्वार तथा स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापना सहित कई कार्य 1006.05 लाख रुपये की लागत से प्रगतिरत हैं।
वर्ष 2025–26 में बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम जारी
वर्ष 2025–26 में 2546.62 लाख रुपये की लागत से 27 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें हाई मास्ट लाइट,स्विमिंग पूल,आगर खेल परिसर का जीर्णोद्धार,साहू पारा सामुदायिक भवन,मां परमेश्वरी चौक विकास,आगर नदी तट पर शेड और चबूतरा, चौक सौंदर्यीकरण,नालंदा परिसर निर्माण और एनयूएलएम कार्यालय रिनोवेशन जैसे कार्य शामिल हैं,जिनमें से अधिकांश पर तेजी से काम चल रहा है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में भी सुधार
नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पिछले वर्षों में ट्रैक्टर,मिनी टिपर,वैक्यूम एम्पिटर,ई-रिक्शा,कम्पोस्ट मशीन,ट्रैक्टर ट्रॉली और स्टील डस्टबिन सहित विभिन्न मशीनरी और उपकरणों की खरीद की गई है। इन कार्यों पर अब तक लगभग 303.79 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
आवास,राशन और पेंशन योजनाओं का लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY Urban 1.0) के तहत नगर में 1379 आवास स्वीकृत हुए, जिनमें से 1238 पूर्ण हो चुके हैं और 151 निर्माणाधीन हैं। पिछले एक वर्ष में ही 77 आवास पूर्ण किए गए हैं। वहीं PMAY Urban 2.0 के तहत 378 आवास स्वीकृत हुए हैं।
नगर के 22 वार्डों में कुल 10426 राशन कार्ड जारी किए गए हैं। वहीं विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 3389 हितग्राहियों को लाभ दिया जा रहा है।
132 करोड़ के बड़े विकास कार्य प्रस्तावित
वर्ष 2026–27 के बजट के लिए नगर पालिका परिषद ने लगभग 132 करोड़ रुपये के बड़े विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें आगर नदी के किनारे रिटेनिंग वॉल,लोरमी बायपास से रामगढ़ पुल तक बीटी सड़क,आगर नदी में स्टॉप डैम,रिवर व्यू फोर लेन सड़क,रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण और नगर भवन (विवाह घर) निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
होली मिलन का भी हुआ आयोजन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा होली मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों,जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चुरावन मंगेशकर,पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते,पूर्व मंडी अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय,कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान,जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर,युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश छेदइया,अशोक चंद्राकर,पार्षद कुलदीप पाटले,पार्षद संजय चंदेल,पार्षद सुरज यादव,अभिलाष सिंह,पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सोनकर,सुरज मंगलानी,आरिफ खोखर,सूर्यपाल लक्की गर्ग,नीरज यादव,पार्षद प्रतिनिधि रवि कोशले,लाला सिंह,तारिणी विश्वकर्मा,देवेंद्र वैष्णव,राजा माणिक,असद खोखर,रामचंद्र साहू,सतीश तंबोली,वैभव ताम्रकार,यकीन दास,सतीश यादव,विनय यादव,नरोत्तम साहू,बलराम यादव,रवि यादव एवं नगर पालिका परिषद सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,सहित पत्रकारगण और आम नागरिक उपस्थित रहे

