फेंगल तूफान का असर: छाए रहे बादल, दिन में भी ठंड से कांपे लोग

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान फेंगल की वजह से रविवार को जिले भर में आसमान में घने बादल छाए रहे।पहाड़ी के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर बादल छाए रहने की वजह से लोगोें को दिन में भी कंपकंपाने वाली ठंड का एहसास हुआ। जशपुर, मनोरा, पंडरापाठ और सन्ना जैसे पहाड़ी इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री पर रहा।

बादलों की वजह से रात के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।शनिवार की रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले शहर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे भी कम था। रविवार को दिनभर बादल छाए होने की वजह से लोगों की आम दिनचर्या प्रभावित रही। घरों के बाहर ज्यादा ठंड का एहसास हुआ। लोग सिर से लेकर पांव तक गर्म कपड़ों में लिपटकर बाहर निकले। शहर में जगह-जगह लोग अलाव तापते हुए नजर आए।

छुट्टी का दिन होने की वजह से अधिकांश लोगों ने अपना पूरा समय घर पर ही बिताया। साप्ताहिक बाजार में वैसी भीड़ नहीं थी, जैसी जुटती है।किसानों के माथे पर चिंता की लकीर: इस बादल ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। क्योंकि जशपुर, बगीचा, दुलदुला, मनोरा आदि इलाकों में वर्तमान में किसान धान कटाई और मिसाई के काम में जुटे हैं।

अधिकांश किसानों की फसल कटने के बाद खेतों में पड़ी है। ढुलाई नहीं की जा सकी है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो उनकी कटी हुई फसल भीगकर खराब हो सकती है। बीते साल भी धान कटाई के वक्त बारिश हुई थी। उस वक्त किसानों को धान मिसाई से पहले करीब एक सप्ताह तक भीगी हुई फसल को सुखाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी थी।

Share This Article