
अन्य महिला ने भागकर बचाई जान एक सप्ताह में दूसरी मौत!
10-दिसंबर,2020
कोरबा-{सवितर्क न्यूज़}
कोरबा। पसान रेंज में लोनर हाथी ने आज फिर एक ग्रामीण महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जबकि एक अन्य महिला ने भागकर जान बचाई। इस प्रयास में उसका हाथ फ्रेक्चर हो गया है। दोनों महिला अपने खलिहान में धान की रखवाली करने के लिए सोयी हुई थी। तभी लोनर अचानक रात में पहुंचा और उसे सूंड से उठाकर पटक दिया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। वन विभाग की ओर से मृतका के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि रूपए 25 हजार उपलब्ध करा दी गई है।
हाथी के हमले की यह घटना बुधवार की रात कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान रेंज में घटित हुई। बताया गया कि वन परिक्षेत्र पसान के पंचायत अरसरा के आश्रित ग्राम घाघरा निवासी बुधनी बाई पति मानसाय पंडो 50 वर्ष गांव के बाहर स्थित अपने खलिहान में धान की रखवाली करने के लिए गत रात्रि सोयी हुई थी। तभी तडके K4 बजे लोनर हाथी अचानक पहुंचा। लोनर की चिंघाड़ व उसके पैरों की आहट सुनकर महिला जागकर भागने की कोशिश कर रही थी तभी दंतैल हाथी ने उसे अपने निशाने पर ले लिया और सूंड में लपेटकर उठाकर पटक दिया। विशालकाय जानवर द्वारा पटके जाने से महिला के प्राण पखेरू उड़ गए। इसकी जानकारी आज सुबह तब लगी जब उसके परिजन खलिहान पहुंचे तो महिला मृत पड़ी थी तथा लोनर हाथी आसपास घूम रहा था। इसकी तत्काल सूचना वन विभाग के बिटगार्ड को दी गई। बिट गार्ड ने रेंजर निश्चल शुक्ला को अवगत कराया। श्री शुक्ला वनमंडलाधिकारी शमा फारूखी को सूचित करने के साथ ही अपने मातहतों के साथ घटना स्थल की ओर रवाना हुए। वन अमला द्वारा मौके पर पहुंचकर खदेड़ा गया। तत्पश्चात् पंचनामे की कार्रवाई करने के बाद मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया और शव को परिजनों को सौंप दिया गया। जिन्होंने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। वन विभाग द्वारा वन्य प्राणी के हमले में मृत्यु पर दी जाने वाली तत्कालिक सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। मृतका के परिजनों को कुल 6 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। प्रकरण बनाने के पश्चात् शेष राशि का भुगतान होगा। ज्ञात रहे दो लोनर हाथी पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। वन विभाग द्वारा बार-बार मुनादी कराकर ग्रामीणों को रात में घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी जा रही है।
बावजूद इसके ग्रामीण चेतावनी को नहीं मान रहे हैं और घरों से बाहर निकलकर वन्य प्राणियों के हमले का शिकार हो रहे हैं। इससे पहले भी पसान रेंज के तनेरा सर्किल के ग्राम बर्रा में लोनर हाथी ने दो दिन पहले एक वृद्ध को मौत के घाट उतार दिया था। जिले में पिछले चार दिनों के दौरान हाथियों के हमले में यह तीसरी मौत है। कोरबा वनमंडल के लेमरू रेंज के बडग़ांव में हाथी ने मंगलवार को एक महिला को भी मार डाला था। हाथियों के हमले में लगातार हो रही मौत से ग्रामीण काफी भयभीत हैं। 17 हाथियों का दल पसान से 4किमी की दूरी पर जंगल में विचरण कर रहा है।











