मरवाही के जंगल में भालू के हमले से एक ग्रामीण की मौत, दो गंभीर घायल

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement



मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी बदरोड़ी ग्राम पंचायत के जंगलों में एक भालू के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई है जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स में रेफर किया गया है।

घटना रविवार सुबह की है जब सिलवारी शिवनी के निवासी घासीराम (45), संतलाल (40), और छाबलाल (28) सहित कई अन्य ग्रामीण तेंदू की टहनी लेने जंगल गए थे। यह समूह कोकड़ा टोला बदरोड़ी के जंगलों में तेंदू के पेड़ तलाश रहा था, तभी उनका सामना एक जंगली भालू और उसके दो बच्चों से हो गया। ग्रामीणों से अचानक हुए आमना-सामना से भालू ने उन पर हमला कर दिया।

हमले से जंगल में चीखपुकार मच गई और ग्रामीण जहां-तहां भागने लगे। लेकिन भालू ने तीन ग्रामीणों को दौड़ाकर हमला किया। इस हमले में घासीराम और संतलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और छाबलाल ने संघर्ष करते हुए दम तोड़ दिया। घायलों को सिर पर गहरी चोटें आई हैं और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी बड़े-बड़े जख्म हैं। घासीराम की एक आंख पूरी तरह से खराब हो गई है।

भालू के हमले की खबर मिलते ही गांव वाले डंडा लेकर जंगल में पहुंच गए। ग्रामीणों के शोरगुल से भालू अपने बच्चों के साथ जंगल के अंदर चला गया। इसके बाद, घायलों को 108 संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से मरवाही के सीएचसी लाया गया। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया और फिर मेडिकल कॉलेज सिम्स बिलासपुर भेज दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में भालू का हमला पहले भी हो चुका है और इस बार की घटना ने गांव में डर का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग से अपील की जा रही है कि वे इस इलाके में गश्त बढ़ाएं और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पूरा गांव शोक में है और मृतक के परिवार को सांत्वना दी जा रही है। प्रशासन से उम्मीद है कि वे जल्द ही इस क्षेत्र में सुरक्षा के उपाय करेंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article