रायपुर रेलवे स्टेशन पर बिस्किट चोरी के आरोप में युवक को बेरहमी से पीटा गया

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

रायपुर, 26 जुलाई: रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बिस्किट चोरी के आरोप में कैंटीन के कर्मचारियों ने एक युवक को जमकर पीटा और उसके पैरों को कपड़े से बांधकर प्लेटफॉर्म पर घसीटा। इस घटना का वीडियो एक यात्री ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिससे मामला सुर्खियों में आ गया।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मारपीट के दौरान वीडियो बनाने वाला शख्स कर्मचारियों से पूछता है कि वे कहां से हैं। जवाब में युवक को घसीटने वाला शख्स कहता है, “ये चोर है भैया, दुकान से चोरी करता है, प्लेटफॉर्म नंबर पांच से।” प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्री और RPF जवान मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी युवक को घसीटने वाले कर्मचारियों को रोकने की कोशिश नहीं की।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया आ रही है। कुछ लोग कर्मचारियों की हरकत को गलत ठहरा रहे हैं और इसे मानवता के खिलाफ बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि चोरी करने वालों के साथ इसी तरह का सख्त व्यवहार होना चाहिए।

RPF अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article