नारायणपुर के वैद्यराज हेमचंद मांझी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया पद्म श्री पुरस्कार, सीएम साय ने दी शुभकामनाएं

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

रायपुर। नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर के प्रख्यात वैद्यराज हेमचंद मांझी को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी शुभकामनाएं दी है. अपने संदेश में उन्होंने कहा कि 5 दशकों से ज्यादा समय से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों को प्राकृतिक और किफायती स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर रहे अबूझमाड़ के प्रख्यात वैद्यराज हेमचंद मांझी को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के हाथों से पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित होने पर मेरी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनका निःस्वार्थ सेवाभाव हम सबके लिए प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है.

गौरतलब है कि नारायणपुर के छोटे डोंगर में जन्मे हेमचंद मांझी उस समय से लोगों का इलाज कर रहे हैं जब उस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं थी. अपने ज्ञान और सेवाभाव की बदौलत उन्होंने लोगों का इलाज शुरू किया और 5 पिछले दशकों से मरीजों का उपचार कर रहे हैं. छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों एवं विदेशों में रहने वाले पीड़ित मरीज भी छोटे डोंगर पहुंचकर इलाज कराते हैं. जब हेमचंद मांझी को पद्म श्री पुरस्कार की घोषणा हुई थी तब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास में आमंत्रित कर उनका सम्मान किया था.

Share This Article