मुंगेली। जलेश यादव व सभी सहयोगियों के आर्थिक सहयोग से संचालित मुंगेली जिले की क्रिकेट अकादमी सन राइज क्रिकेट सोसायटी, मुंगेली द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय ड्यूज बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज किया गया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह, सभापति पार्षद सूरज यादव, संजय चंदेल, रोशन सोनी, निमेष देवांगन एवं बिलासपुर से आए नफीस खान (जो अपनी बेटी अलीजा खान को मैच खिलाने लाए थे) के द्वारा भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के माता-पिता भुवन डिंडोरे, गौकरण डिंडोले, रमेश साहू, कलेश्वर बर्मन, किशन डहरिया, गोरेलाल यादव, पवन साहू, पेशर यादव, प्रफुल्ल जैन, रितेश कोटड़िया, दिनेश्वर गेंदले, अजय बिसेन, सुरेश सत्यपाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पर्ची द्वारा कप्तान का चयन व टॉस की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें एक टीम के कप्तान कामता साहू और दूसरी टीम के कप्तान आयुष गेंदले बने। टॉस जीतकर कप्तान आयुष गेंदले ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
पहली पारी – सुयश डिंडौरे 40 रन, बलराम चंद्राकर 41 रन और दीपेश 7 रन की मदद से टीम-A ने 153 रन बनाए। गेंदबाजी में ऑलराउंडर देवकी यादव ने 4 विकेट, आशुतोष गेंदले ने 2 विकेट तथा सोमेश बंजारा और तुषार देवांगन ने 1-1 विकेट लिए।

दूसरी पारी – 154 रनों का पीछा करने उतरी टीम-B ने देवकी यादव की शानदार 49 रनों की पारी, तुषार 8 और उर्वी 6 रनों की मदद से 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की और ट्रॉफी की ओर एक कदम बढ़ा दिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
संचालक व कोच जलेश यादव ने बताया कि सन राइज क्रिकेट सोसायटी में बालिकाओं व दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण दिया जाता है और इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को एक अलग पहचान दिलाना है।


