बुजुर्गों के घर पहुंचकर देवांगन समाज ने बांटी छड़ी, जाना हाल-चाल.  समाज के पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल – जिलाध्यक्ष आनंद देवांगन

Jagdish Dewangan
4 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

मुंगेली—- बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवांगन समाज कल्याण समिति मुंगेली द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। समिति के पदाधिकारियों ने समाज के साथ-साथ अन्य समाज के बुजुर्गों के घर पहुंचकर उन्हें छड़ी प्रदान की और उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली। बुजुर्गों के घर पहुंचकर की गई इस पहल से उनमें खुशी का माहौल रहा। बुजुर्गों ने समाज के पदाधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।


देवांगन समाज कल्याण समिति मुंगेली के पदाधिकारियों द्वारा समाज के बुजुर्गों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विगत दिनों समाज कल्याण विभाग मुंगेली में छड़ी उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन के निराकरण के बाद समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को वितरण के लिए छड़ियां उपलब्ध कराई गईं। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों ने स्वयं बुजुर्गों के घर पहुंचकर उन्हें छड़ी वितरित की।


इस दौरान देवांगन समाज के जिला अध्यक्ष आनंद देवांगन, अधिवक्ता सहित समाज के अन्य पदाधिकारियों ने बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों की आवश्यकताओं की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के संबंध में चर्चा की। घर पर पहुंचकर छड़ी मिलने से बुजुर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा समाज के पदाधिकारियों को आशीर्वाद देते हुए इस सेवा कार्य को आगे भी जारी रखने की बात कही।

‘हमारे बुजुर्ग समाज की धरोहर’

देवांगन समाज के जिला अध्यक्ष आनंद देवांगन अधिवक्ता ने कहा कि हमारे बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी देखभाल एवं सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे दैनिक जीवन के कार्य आसानी से कर सकें, इसी उद्देश्य से छड़ी वितरण की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्गों के लिए यह सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि देवांगन समाज के साथ-साथ अन्य समाज के ऐसे बुजुर्ग जिन्हें चलने-फिरने में सहारे की आवश्यकता है, वे समाज के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। पात्रता के अनुसार उनके लिए समाज कल्याण विभाग में आवेदन प्रस्तुत करने की पहल की जाएगी, ताकि शासन की योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध हो सकें।

शासकीय योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास

समाज के सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने कहा कि समाज सेवा का उद्देश्य केवल समाज के लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद प्रत्येक व्यक्ति तक सहायता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। इसी दिशा में पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार पात्रता होने के बावजूद लोगों को योजनाओं की जानकारी नहीं होने के कारण वे लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में समाज के पदाधिकारियों द्वारा लोगों को योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन संबंधित विभाग तक पहुंचाने के लिए पहल की जाएगी।
छड़ी प्राप्त करने वाले बुजुर्गों ने देवांगन समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घर पहुंचकर छड़ी प्रदान करना और हाल-चाल पूछना उनके लिए सम्मान और अपनत्व का भाव लेकर आया है। बुजुर्गों ने समाज के इस सेवा कार्य को आगे भी जारी रखने की शुभकामनाएं देते हुए पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया।


इस अवसर पर समाज के संरक्षक शत्रुहन देवांगन, सह सचिव जगदीश देवांगन सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम एवं पहल की जानकारी समाज के सोशल मीडिया प्रचारक जगदीश देवांगन द्वारा दी गई।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन