मुंगेली, 19 सितंबर 2026/ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से आज विश्राम भवन मुंगेली में संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, कैबिनेट मंत्री एवं मुंगेली जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, नेतृत्व एवं समर्पण को जनभागीदारी के माध्यम से समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होने वाली सभी गतिविधियों को व्यापक एवं प्रभावी रूप से आयोजित किया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों और संगठनों को समन्वय के साथ कार्य करें।

तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम कराने के निर्देश
प्रभारी मंत्री देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, समर्पण और विकास की भावना को मजबूत करने का अवसर है। अभियान के संबंध में प्रत्येक नागरिक को योजनाओं की जानकारी हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की निर्धारित तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार सभी गतिविधियों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करे, ताकि अभियान का प्रभाव जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे।
उन्होंने विशेष रूप से मैदानी अमले को ग्रामीण स्तर पर समन्वय स्थापित कर लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभागों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियों में नागरिकों की सहभागी भूमिका सुनिश्चित की जाए और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए।

मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए ग्रामीण स्तर तक जनभागीदारी को सक्रिय करना जरूरी है। उन्होंने मैदानी स्तर पर कार्यरत अमले, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा, जनकल्याण और विकास से जुड़े संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गोकुल रावटे ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तिथिवार कार्ययोजना की जानकारी दी।

बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक पुन्नूलाल मोहले, विधायक धर्मजीत सिंह, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत गोकुल रावटे, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी , शैलेश पाठक सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थें।












