Bijapur-जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा एवं कलेक्टर विश्वदीप ने युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दी प्रेरणा

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(बस्तर संवाददाता अभिलाष दास बघेल)

बीजापुर  जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बीजापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तेजस ( TEJAS ) स्टार्टअप वर्कशॉप का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या तथा कलेक्टर श्री विश्वदीप की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार की भावना को प्रोत्साहित कर उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्टार्टअप केवल नया व्यवसाय शुरू करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं का नवाचारी समाधान विकसित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे जिले में कृषि, वनोपज, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि युवा नवाचार और आधुनिक सोच के साथ इन क्षेत्रों में आगे बढ़ें तो न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।

उन्होंने युवाओं से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न उद्यमिता और स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र नवाचार आधारित उद्यम स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को हर संभव मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने युवाओं को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप की अवधारणा, व्यवसाय मॉडल तैयार करने की प्रक्रिया, नवाचार, वित्तीय सहायता, निवेश प्राप्त करने की रणनीति, विपणन, ब्रांडिंग तथा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद सही योजना, तकनीक और मार्गदर्शन के माध्यम से सफल स्टार्टअप स्थापित किया जा सकता है।

स्टार्टअप विशेषज्ञ प्रीति खण्डेलवाल, संदीप यादव एवं अबुल हसन ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना की व्यवहारिक जानकारी दी। युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से संवाद किया तथा अपने व्यावसायिक विचारों और नवाचार संबंधी अवधारणाओं को साझा किया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि  जिला राम राना सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल, महाप्रबंधक पीआर खंडेलवाल, प्रबंधक डीपी साहू सहित जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, युवा उद्यमी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यशाला ने जिले के युवाओं में उद्यमिता के प्रति नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। यह पहल बीजापुर में नवाचार आधारित उद्यमिता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Share This Article