पार्षदों की निष्क्रियता के चलते सड़कों में पसरा रहता है अंधेरा
मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अंतर्गत आने वाले कई वार्डों में खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण रात होते ही गलियों और मोहल्लों में गहरा अंधेरा छा जाता है। इस समस्या से वार्डवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महाराणा प्रताप वार्ड के नागरिकों का कहना है कि खराब स्ट्रीट लाइटों की जानकारी कई बार संबंधित पार्षदों एवं नगर पालिका प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। पार्षदों की निष्क्रियता के चलते लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रात्रि के समय अंधेरे के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, अंधेरी गलियों में चोरी, असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है, जिससे मोहल्लेवासियों में भय का वातावरण है। नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन शीघ्र खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराए और जिन वार्डों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है, वहां नई लाइटें लगाई जाएं, ताकि लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।



