कोरबा जिले में नगर सैनिकों ने अपने सेनानी A.K. एक्का के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला दोनों नगर सैनिकों ने सेनानी पर प्रताड़ना, दुव्र्यवहार और मनमानी ड्यूटी देने के आरोप लगाए।
24 घंटे ड्यूटी का आरोप, दांपत्य जीवन प्रभावित
एक महिला नगर सैनिक ने बताया कि उन्हें 24 घंटे ड्यूटी स्थल पर रुकने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे उनका पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि ‘फटीक’ के नाम पर उनके साथ मजदूरों जैसा व्यवहार किया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है।
दूरस्थ क्षेत्रों से बुलाया जा रहा, परेड के नाम पर परेशानी
दूसरी महिला नगर सैनिक ने कहा कि वह जिले के दूरस्थ छात्रावास में ड्यूटी करती हैं, फिर भी उन्हें परेड के लिए दोबारा बुला लिया जाता है, जिससे आवागमन में बेहद परेशानी होती है। उनका कहना है कि सेनानी समस्याएँ सुनने तक को तैयार नहीं रहते।
सड़क पर उतरे नगर सैनिक, हटाने की मांग
नगर सैनिकों का कहना है कि कमांडेंट A.K. एक्का को हटाए बिना वे ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे। उनकी शिकायत है कि सेनानी लगातार दुव्र्यवहार कर रहे हैं और उनकी स्थितियों की अनदेखी की जा रही है।
SDM और CSP ने दिया आश्वासन
धरना सूचना मिलते ही एसडीएम देवेंद्र पटेल और CSP मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने नगर सैनिकों से चर्चा की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद नगर सैनिकों ने हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी।
एक सप्ताह की चेतावनी
नगर सैनिकों ने स्पष्ट कहा है कि यदि एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे फिर से जोरदार आंदोलन शुरू करेंगे।

