कोरबा में दो तहसीलदारों पर हमला: 6 युवकों ने की मारपीट, सिर में आई गंभीर चोटें

राजेंद्र देवांगन
2 Min Read

कोरबा। जिले में मंगलवार देर रात दो तहसीलदारों पर हुए हमले से हड़कंप मच गया। दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु के साथ छह युवकों ने मारपीट की, जिसमें दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों तहसीलदार आदर्श नगर स्थित राजेश ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे। उन्हें पटवारी त्रिलोक सोनवानी ने बताया था कि वहां नस और हाथ-पैर दर्द के लिए मालिश की जाती है।

ड्राइवरों से हुआ विवाद, युवकों ने किया हमला

दोनों तहसीलदार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ियों से पार्लर के बाहर पहुंचे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और ड्राइवरों से विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर तहसीलदार बाहर आए और युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। अचानक युवकों ने दोनों अधिकारियों पर हमला कर दिया।

हमले में दोनों तहसीलदारों के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर भीड़ जमा हो गई और तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी आदतन अपराधी

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share This Article
राजेंद्र देवांगन (प्रधान संपादक)