भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित IIT भिलाई में नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश) के छात्र सौमिल साहू (18) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बीटेक प्रथम सेमेस्टर (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) का छात्र था और इसी साल संस्थान में दाखिला लिया था। घटना 11 नवंबर की सुबह की है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे सौमिल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी छात्रों ने तुरंत उसे सुपेला स्थित स्पर्श अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मिर्गी का दौरा पड़ने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रों का हंगामा — “व्यवस्थाओं की भारी कमी”
मृतक छात्र की मौत के बाद देर रात कैंपस में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। रात 12 बजे से 2 बजे तक विद्यार्थियों ने कैंपस में हंगामा करते हुए प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए। छात्रों का कहना था कि संस्थान में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा — “संस्थान ने पांचवां दीक्षांत समारोह मना लिया, लेकिन छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था आज भी अधूरी है। अगर समय पर बेहतर इलाज मिलता, तो सौमिल की जान बच सकती थी।”
परिवार का बयान
सौमिल के पिता वीरेंद्र साहू, जो नर्मदापुरम स्थित सिक्योरिटी पेपर मिल (SPM) में कर्मचारी हैं, ने बताया कि
“10 नवंबर को सौमिल को हल्का बुखार था। अगले दिन सुबह उसकी हालत बिगड़ी तो हमने भिलाई में रहने वाले रिश्तेदार को भेजा, जिन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। वह पहले पूरी तरह स्वस्थ था, किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। अब मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”
IIT प्रबंधन की सफाई
IIT भिलाई प्रशासन ने छात्र की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए इसे “सामान्य मौत” बताया है। प्रबंधन ने कहा कि यह न तो आत्महत्या का मामला है और न ही किसी विवाद या हादसे का।
पुलिस जांच जारी
जेवरा चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि छात्र का पोस्टमॉर्टम सुपेला अस्पताल में किया गया है। PM रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल कोई लिखित शिकायत परिजनों की ओर से नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सौमिल भिलाई के शांति नगर में किराए से रह रहा था। वह हाल ही में दीपावली की छुट्टियों में घर गया था और दो दिन पहले ही लौटा था।

