जनकपुर क्षेत्र में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

राजेंद्र देवांगन
2 Min Read

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र में अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन ने अहम कार्रवाई की है। मध्य प्रदेश से लाए जा रहे लगभग 100 बोरी धान से भरे दो पिकअप वाहनों को जब्त कर जनकपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।

यह कार्रवाई जनकपुर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की। नायब तहसीलदार महेंद्र साहू ने बताया कि केल्हारी क्षेत्र से आगमन की सूचना मिलने पर टीम ने जनकपुर क्षेत्र में वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच में 40 बोरी और 60 बोरी के दो वाहनों से भारी मात्रा में धान की बोरियां बरामद हुईं।

नायब तहसीलदार ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी जारी है और शासन के निर्देशानुसार अवैध खरीद-फरोख्त, भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्रों में अवैध धान व्यापार तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें व्यापारी सस्ते धान को मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ के सरकारी खरीदी केंद्रों में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इससे स्थानीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है और सरकारी तंत्र भी प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन निरंतर सतर्कता बढ़ा रहा है और अवैध गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नियमित जांच जारी रखी है। इस अभियान के तहत अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
राजेंद्र देवांगन (प्रधान संपादक)