खोंगापानी नगर पंचायत अध्यक्ष ने पार्टी विरोध के आरोप में दो नेताओं पर साधा निशाना, PCC चीफ से की निष्कासन की मांग

राजेंद्र देवांगन
3 Min Read

मनेंद्रगढ़। खोंगापानी नगर पंचायत की अध्यक्ष ललिता रामा यादव ने कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए संगठन को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद विवेक चतुर्वेदी और महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

निकाय चुनाव में की पार्टी विरोधी गतिविधियां

पत्र में ललिता यादव ने स्पष्ट तौर पर आरोप लगाया कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान उक्त दोनों नेताओं ने न केवल अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ कार्य किया, बल्कि भाजपा के पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार भी किया। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेताओं ने कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रत्याशियों को हराने की साज़िश में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे संगठन को बड़ा नुकसान हुआ।

भितरघात से डगमगाई कांग्रेस की स्थिति

नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार, विवेक और निर्मला चतुर्वेदी की अंदरूनी साजिशों के कारण कांग्रेस खोंगापानी में मात्र दो वार्डों में ही जीत दर्ज कर पाई। उन्होंने बताया कि ये दोनों नेता प्रत्येक वार्ड में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ते रहे और भाजपा प्रत्याशियों को बढ़त दिलाने की कोशिश करते रहे।

संगठन के भविष्य के लिए उठाई निष्कासन की मांग

पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि ऐसे पार्टी विरोधी तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस को आने वाले चुनावों में और भी गंभीर नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसलिए पार्टी हित में इन नेताओं को तुरंत निष्कासित कर मिसाल पेश की जानी चाहिए।

आंतरिक कलह से कांग्रेस की राह मुश्किल

खोंगापानी से उठे इस विवाद ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह को उजागर कर दिया है। ऐसे समय में जब पार्टी प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक मजबूती की ओर कदम बढ़ा रही है, स्थानीय स्तर पर इस तरह की घटनाएं कांग्रेस की छवि को गहरा आघात पहुंचा सकती हैं।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस नेतृत्व इस पूरे मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और संगठन में अनुशासन की पुनर्स्थापना के लिए क्या कड़े कदम उठाता है।

Share This Article
राजेंद्र देवांगन (प्रधान संपादक)