जनवरी में ही गर्मी की दस्तक: बिलासपुर में तापमान 32 डिग्री पार, रात की ठंड भी गायब

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

बिलासपुर। जनवरी खत्म होने से पहले ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को दोपहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन में तेज धूप महसूस की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में ठंड लगभग खत्म हो गई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि फरवरी में भी तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।

10 सालों में इस बार सबसे कम ठंड

आमतौर पर जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला जाता है। लेकिन इस साल ऐसा नहीं हुआ। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में इस बार जनवरी सबसे कम ठंडा रहा। साल 2024 में भी न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, लेकिन इस बार ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी।

पिछले साल अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री था, जबकि इस साल 24 जनवरी को तापमान रिकॉर्ड 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे साफ है कि ठंड का असर पहले की तुलना में काफी कम रहा।

रात में भी गर्मी का अहसास, पंखे-कूलर चलाने पड़े

बिलासपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद दोपहर में लोगों को गर्मी महसूस होने लगी। कई घरों में पंखे और कूलर तक चलाने पड़े। वहीं, रात का तापमान 20 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे ठंड का अहसास लगभग खत्म हो गया।फरवरी में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से फरवरी में भी तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। मासिक औसत वर्षा भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के मुताबिक, इस साल उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं कम रही हैं, जिससे ठंड का असर घटा है। फरवरी में भी यही स्थिति बनी रह सकती है।

फरवरी के पहले हफ्ते में हल्की बदली संभव

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, फिलहाल वर्षा की संभावना नहीं है। तीन फरवरी के बाद आसमान साफ होने के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।

इस साल जनवरी के सबसे ठंडे दिन

फिलहाल, मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और कम होगा और फरवरी में गर्मी तेजी से बढ़ सकती है।

Share this Article