छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम वापसी से भाजपा को कई वार्डों में वॉकओवर, मुख्यमंत्री साय ने कहा— “अच्छा संकेत”

राजेन्द्र देवांगन
5 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव से पहले कई स्थानों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बिना मतदान के ही जीत हासिल हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे पार्टी के लिए अच्छा संकेत बताया है।

रायपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 20 नगर पंचायतों में भाजपा के पार्षद निर्विरोध चुने जा रहे हैं। इसके अलावा बसना में नगर पंचायत अध्यक्ष और दो निगमों में भाजपा प्रत्याशी बिना मुकाबले ही विजयी घोषित हो चुके हैं। वहीं, धमतरी में कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी का नामांकन खारिज हो गया, जिसके बाद पार्टी ने वहां किसी अन्य उम्मीदवार को नहीं उतारा।

भाजपा को बिना मतदान के जीत, कांग्रेस ने लगाए आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटनाक्रम पर आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर उनके प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कराए जा रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री साय ने पलटवार करते हुए कहा, “अरे भई, नामांकन से जुड़े नियम-कानून तो पढ़ लो! नाच न जाने आंगन टेढ़ा। फॉर्म तो ठीक से भर लो!”

7 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध विजयी

पिछले दो दिनों में सात स्थानों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने या नाम वापसी के चलते भाजपा को वॉकओवर मिल चुका है।

1. बिलासपुर निगम, वार्ड नंबर 13 – कांग्रेस उम्मीदवार श्याम पटेल ने जाति प्रमाण पत्र जमा नहीं किया, जिससे नामांकन खारिज हो गया और भाजपा के रमेश पटेल को वॉकओवर मिल गया।

2. कटघोरा नगर पालिका, वार्ड नंबर 13 – कांग्रेस ने नामांकन ही नहीं भरा, भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीते।

3. कटघोरा नगर पालिका, वार्ड नंबर 18 – कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया, भाजपा को सीधी जीत मिली।

4. दुर्ग नगर निगम, वार्ड नंबर 21 – कांग्रेस प्रत्याशी मीरा सिंह ने नाम वापस लिया, जिससे भाजपा की विद्यावती सिंह निर्विरोध चुनी गईं।

5. रायगढ़ नगर निगम, वार्ड नंबर 18 – कांग्रेस की शीला साहू ने नाम वापस लिया, भाजपा की पूनम सोलंकी विजयी हुईं।

6. रायगढ़ नगर निगम, वार्ड नंबर 45 – कांग्रेस प्रत्याशी खिरीलाल सिंह ठाकुर के नाम वापसी के बाद भाजपा के नारायण पटेल को जीत मिली।

7. भिलाई नगर निगम, वार्ड नंबर 35 – कांग्रेस के मनोज सिन्हा ने नाम वापस लिया, भाजपा के चंदन यादव निर्विरोध जीते।

भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन: “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने का संकल्प

भाजपा ने शुक्रवार को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया, जहां पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को नगरीय निकाय चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने कहा, “भाजपा ने ठाना है कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक पार्टी का परचम फहराना है।”

71 पार्षद और एक महापौर जिताने की अपील

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सम्मेलन में कहा कि रायपुर के विकास के लिए 71 पार्षद और एक महापौर भाजपा का होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “रायपुर को हमने राजधानी बनाया, लेकिन पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने इसे लूटने का काम किया। अब भाजपा को मजबूत कर इसे फिर से संवारना होगा।”

“कांग्रेस में योग्य प्रत्याशी नहीं”: मीनल चौबे

भाजपा नेत्री मीनल चौबे ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में महापौर पद के लिए कोई योग्य महिला प्रत्याशी नहीं मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “यह चुनाव मीनल चौबे नहीं, भाजपा की हर महिला कार्यकर्ता लड़ेगी और हर वार्ड से महिला पार्षद जीतेगी।”

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बढ़त?

भाजपा लगातार कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी और नामांकन में गड़बड़ी को मुद्दा बना रही है। कांग्रेस के कई उम्मीदवारों के नामांकन रद्द या वापस होने से भाजपा को कई वार्डों में सीधी जीत मिल रही है। ऐसे में 11 फरवरी को होने वाली वोटिंग में भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article