रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध, नशाखोरी और बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ यूथ कांग्रेस आज मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) का घेराव करने जा रही है। इस प्रदर्शन में प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और प्रदेश प्रभारी शेषनारायण ओझा ने जानकारी दी कि प्रदर्शन आज (सोमवार) को गांधी मैदान में दोपहर 2 बजे एक सभा से शुरू होगा, जिसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता सीएम हाउस का घेराव करेंगे। कल (मंगलवार) बिलासपुर में नशे के खिलाफ मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाएगी, जिसमें कानून व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, धान खरीदी में अव्यवस्था और युवाओं के प्रति सरकार की उदासीनता शामिल हैं।
सरकार के एक साल के कार्यकाल में आम जनता परेशान, अपराधियों का मनोबल बढ़ा: यूथ कांग्रेस
आकाश शर्मा ने कहा कि “सरकार के एक साल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। अपराधी बेखौफ हैं, और आम जनता परेशान है। खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं आम हो गई हैं।” उन्होंने कहा कि धान खरीदी में अव्यवस्था और रोजगार की कमी के कारण लोग परेशान हैं।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शेषनारायण ओझा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “सरकार ने किसानों, युवाओं और शिक्षकों के साथ अन्याय किया है। शिक्षकों की भर्ती के झूठे वादे किए गए हैं, और अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं। कस्टोडियल डेथ जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आम लोग भय के वातावरण में जी रहे हैं।”
कलेक्टर कार्यालयों में ज्ञापन सौंपा गया
घेराव से पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालयों में ज्ञापन सौंपा। इन ज्ञापनों में मुख्य रूप से धान खरीदी में अव्यवस्था, खराब कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, और रोजगार की कमी जैसे मुद्दों को उठाया गया।
यूथ कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश में सरकार के खिलाफ एक बड़ी आवाज़ के रूप में उभर रहा है, जिसमें युवाओं और आम जनता की समस्याओं को प्रमुख रूप से उठाया जाएगा।