भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: बैज बोले- 1 साल में जनता को किया निराश
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार की एक साल की विफलताओं को उजागर करने वाले पोस्टर का विमोचन किया।
बैज का हमला: जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगी रोक
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते एक साल में 17 जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को निराश किया है। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन हावी है। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। नक्सली घटनाएं भी बढ़ गई हैं। विष्णु देव साय के सुशासन का दावा तो दूर, उनकी सरकार का असर कहीं नजर नहीं आता।”
रायपुर में मौन प्रदर्शन
राजधानी रायपुर के घड़ी चौक स्थित बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने कांग्रेस नेताओं ने मौन धरना दिया। सभी नेता मुंह पर काली पट्टी बांधकर भाजपा सरकार के कुशासन की तख्तियां हाथ में लिए बैठे रहे। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल में छत्तीसगढ़ की आम जनता त्रस्त हो चुकी है। राज्य में भय का माहौल है, और नशे का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। पुलिस प्रशासन अपराधों को रोकने में असफल साबित हुआ है।
नेताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन में कुलदीप जुनेजा, एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, शिव सिंह ठाकुर, दिनेश ठाकुर, सुरेश चन्नावर, कामरान अंसारी, जी. श्रीनिवास, और बंशी कन्नौजे सहित कई कांग्रेस नेता शामिल हुए।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल बताया और जनता के सामने अपनी मांगें और सवाल रखे।