बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | 21 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला डॉक्टर ने PHE विभाग के SDO पर शादी का झांसा देकर सात साल तक शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
2018 से रिलेशनशिप, 2023 में हुआ गर्भपात
महिला डॉक्टर ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी नमित कोसरिया से 2018 में हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर नमित ने शादी का वादा कर संबंध बनाए। नवंबर 2019 में आरोपी ने पीड़िता को अपने घर बुलाकर पहली बार दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों का रिश्ता चलता रहा।
2023 में युवती गर्भवती हो गई, लेकिन आरोपी ने एमटीपी किट देकर जबरन गर्भपात करा दिया। इस दौरान वह कोर्ट मैरिज का झांसा देता रहा।
सगाई की जानकारी मिलने पर टूटा भरोसा
14 अप्रैल को आरोपी के जन्मदिन पर वह बिलासपुर नहीं आया, जिससे युवती को शक हुआ। जानकारी करने पर पता चला कि उसने 3 मार्च को किसी और से सगाई कर ली थी और 20 अप्रैल को उसकी शादी तय थी।
थाने में रिपोर्ट, आरोपी फरार
युवती ने तत्काल सिविल लाइन थाना पहुंचकर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और गर्भपात जैसे गंभीर आरोपों में FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और भिलाई स्थित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार है।
पुलिस का बयान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी SDO की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ़्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाने की विशेष टीम जांच कर रही है।